तहसील चौराहे पर बड़ा हादसा कृष्णा डेयरी की तोडफ़ोड़ के दौरान मलबा महिला पर गिरा, हालत गंभीर

देवास। शहर में चल रहे चौड़ीकरण कार्य के बीच सोमवार शाम तहसील चौराहे पर बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार कृष्णा डेयरी द्वारा अपने हिस्से की छत व दीवार का तोडफ़ोड़ कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक बड़ा मलबे का हिस्सा सडक़ से गुजर रही महिला कविता पटेल (38), निवासी शिप्रा, पर गिर गया। हादसे के समय महिला अपने बच्चे के साथ जा रही थी। मलबा गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और नगर निगम टीम को सूचना देकर महिला को जिला चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है तथा हाथ की एक उंगली अलग हो गई है। हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और थोड़ी देर के लिए यातायात बाधित रहा। नगर निगम का अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुँचकर स्थिति संभालने में जुटी हुई है।







