देवास का नाम रोशन, अंशुमन गुप्ता बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, कड़ी मेहनत और अनुशासन का मिला फल, परिवार सहित पूरे शहर में खुशी और गर्व की लहर

देवास। देवास जिले के लिए यह क्षण अत्यंत गौरव और सम्मान का है। शहर के होनहार युवा अंशुमन गुप्ता का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर होने से पूरे देवास में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि समूचे जिले को गौरवान्वित किया है। अंशुमन गुप्ता, ओयस्टर ग्रुप पुरासारे के जनरल मैनेजर मुकेश गुप्ता के सुपुत्र हैं। प्रारंभ से ही उनमें अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और देशसेवा की भावना रही है। निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया।
भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में चयनित होना किसी भी युवा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। अंशुमन की यह सफलता देवास के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल बन गया। सामाजिक, औद्योगिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने अंशुमन गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन की कामना की है। देवास वासियों का कहना है कि अंशुमन जैसे युवा देश की शान हैं, जिन पर पूरा शहर गर्व करता है।






