
देवास। परशुराम जयंती के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा देवास में भव्य आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष पंडित दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में 30 अप्रैल, को अक्षय तृतीया के शुभ दिन पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव गंगानगर स्थित परशुराम वाटिका में पूरे उत्साह और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस मौके पर भगवान परशुराम जी की विशालकाय प्रतिमा का वैदिक विधि-विधान से अभिषेक, हवन, पूजन और आरती की जाएगी। नगर के वरिष्ठ आचार्यों के आचार्यत्व में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा। इस आयोजन में ब्राह्मण समाज के समस्त वर्गों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर भगवान परशुराम की आराधना करेंगे। आयोजन के समापन के पश्चात समस्त श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है। महासंघ के समस्त पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने संपूर्ण ब्राह्मण समाज से आग्रह किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने आराध्य भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त करें।

परंपरागत शौर्य यात्रा निकलेगी 4 मई को
अध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ द्वारा निकाली जाने वाली परंपरागत ‘परशुराम शौर्य यात्रा’ 4 मई को निकाली जाएगी। यह यात्रा ढोल-नगाड़ों की गूंज, आकर्षक झांकियों और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियों से सुसज्जित होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। शौर्य यात्रा का शुभारंभ शाम 5:30 बजे सयाजी द्वार से होगा, जो एम.जी. रोड, नावेल्टी चौराहा, सुभाष चौक, घंटाघर, गांजा भांग चौराहा, जनता बैंक चौराहा होते हुए लक्ष्मीनारायण अग्रवाल धर्मशाला पहुंचेगी। धर्मशाला में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां सहभोज की व्यवस्था रहेगी। यह यात्रा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि ब्राह्मण समाज की संस्कृति, गौरव और एकता का जीवंत उदाहरण है। इसमें समाज के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
ब्राह्मण समाज में उत्साह का वातावरण
जन्मोत्सव और शौर्य यात्रा को लेकर पूरे ब्राह्मण समाज में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगी, युवा समाजसेवा के संकल्प के साथ यात्रा को सफल बनाएंगे और समूचे नगर में भगवान परशुराम के जयघोष गूंजेंगे। आयोजन समिति ने नगरवासियों से भी इन आयोजनों में सहभागिता की अपील की है।
