देवास में भाजपा कार्यकारिणी गठन पर सस्पेंस बरकरार, पर्यवेक्षकों की एंट्री से गरमाई सियासत

देवास। मध्य प्रदेश में भाजपा जिला अध्यक्ष की घोषणा को लम्बा समय बीत चुका है, लेकिन प्रदेश सहित देवास में कार्यकारिणी गठन अब तक ठंडे बस्ते में थी। लंबे इंतज़ार और खामोशी के बाद गुरुवार को भाजपा के दो बड़े पर्यवेक्षक देवास पहुंचने वाले हैं, जो सियासी पारा चढ़ाने के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं। यह दौरा सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि स्थानीय गुटबाज़ी, राजघराने के प्रभाव और चल रही खींचतान के बीच एक निर्णायक पड़ाव माना जा सकता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी और प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम महाजन दोपहर 12 बजे देवास पहुंचेंगे। सबसे पहले वे सांसद और विधायकों के साथ बंद कमरे में बैठक कर कार्यकारिणी गठन पर चर्चा करेंगे, उसके बाद कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन मुलाक़ात करेंगे। इन बैठकों की रिपोर्ट सीधे शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी। पर्यवेक्षक करीब तीन से चार घंटे देवास में रहकर माहौल परखेंगे और फिर शाजापुर के लिए रवाना होंगे।
देवास भाजपा में इस समय माहौल ऐसा है जैसे घुंघरू तो सभी ने बांध लिए हैं, पर अभी तक यह तय नहीं कि इन्हें किसके सामने और कब बजाना है। पार्टी के भीतर ग्रुप बाजी किसी से छिपा नहीं है, और पहले भी समर्थक कार्यकर्ता मंडलों की कार्यकारिणी में अपनी ताक़त दिखाते रहे हैं। सवाल यह है कि इस बार ऊंट किस करवट बैठेगा — क्या जिला अध्यक्ष की बॉडी में पैलेस का पलड़ा भारी रहेगा या फिर नए समीकरण सामने आएंगे?
स्थानीय राजनीति के जानकार मानते हैं कि यह दौरा देवास भाजपा के भविष्य का ब्लूप्रिंट तय कर सकता है। पर्यवेक्षकों की रायशुमारी के बाद शीर्ष नेतृत्व कितनी जल्दी नामों पर मुहर लगाता है, यह देखने वाली बात होगी। अभी तक तो कार्यकर्ता इंतज़ार की घडिय़ाँ गिन रहे हैं, लेकिन अंदरखाने गोटियाँ जमाने का खेल ज़ोरों पर है।

