मां के चरणों में हरियाली अर्पण: भाजपा का एक लाख पौधों का अभियान शुरू

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणास्पद आह्वान एक पेड़ मां के नाम अभियान को लेकर देवास में भी पर्यावरणीय चेतना की लहर दौड़ पड़ी है। भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन ने 24 जुलाई से जन्माष्टमी (16 अगस्त) तक देवास जिले में एक लाख पौधे लगाने का महाअभियान शुरू करने का संकल्प लिया है। अभियान को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने सभी मोर्चों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की और जन-भागीदारी का आह्वान किया।
हरियाली अमावस्या पर लिया गया संकल्प
भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से लडऩे का सबसे कारगर उपाय है पौधे लगाना और उन्हें बचाना। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, जिला पदाधिकारियों और पार्षदों से आग्रह किया कि हर व्यक्ति कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम जरूर लगाए। हरियाली अमावस्या के अवसर पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प भी दिलाया गया। श्री सेंधव ने कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
ग्लोबल वार्मिंग के विरुद्ध जन आंदोलन
बैठक में श्री सेंधव ने यह भी कहा कि वर्तमान में पर्यावरणीय असंतुलन, वर्षा की अनियमितता और तापमान में लगातार हो रही वृद्धि अत्यंत गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने कहा— आज का यह पौधा कल की प्राणवायु है। यदि हम आज एक पेड़ लगाते हैं, तो हम आने वाली पीढिय़ों के लिए जीवन का बीज बोते हैं। उनका कहना था कि जनसामान्य को चाहिए कि वे अपने जीवन के खास अवसर—जैसे जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ, सेवानिवृत्ति या बच्चे के जन्म पर कम से कम एक पौधा लगाकर उस पल को जीवनभर के लिए यादगार बनाएं।
अच्छी नस्ल के पौधे लगाने की अपील
संगठन की ओर से निर्देशित किया गया कि लगाए जाने वाले पौधे स्थानीय जलवायु के अनुकूल व फलदार/छायादार हों, ताकि उनका दीर्घकालिक लाभ समुदाय को मिले। साथ ही पौधों की देखरेख एवं संरक्षण के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों को भी तय किया जाए।
जनप्रतिनिधियों से लेकर आमजन तक जुड़ेगा अभियान से
सेंधव ने सभी पंच-सरपंच, जनपद सदस्य, नगर निगम पार्षद, विधायक प्रतिनिधि सहित समाज के सभी जागरूक नागरिकों से अपील की कि इस अभियान को एक हरित जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पर्यावरणीय नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान सिर्फ एक सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि धरती मां और अपनी मां दोनों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम है।
बैठक का हुआ संचालन
इस पर्यावरणीय अभियान के संचालन एवं समन्वय हेतु बैठक में दिशा-निर्देश तय किए गए। बैठक का संचालन मनीष सोलंकी ने किया और अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

