रक्षा बंधन से पहले निगम कर्मचारियों को मिले वेतन – पार्षद दीपेश कानूनगो की मांगनगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर कहा – वेतन विलंब से कर्मचारियों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ

देवास। कांग्रेस पार्षद पं. दीपेश कानूनगो ने नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर निगम आयुक्त को पत्र लिखा है और मांग की है कि रक्षा बंधन पर्व से पूर्व कर्मचारियों को समय पर वेतन प्रदान किया जाए, ताकि वे अपने परिवार के साथ यह पर्व हर्षोल्लास से मना सकें। पार्षद कानूनगो ने पत्र में लिखा कि नगर निगम में कार्यरत कई नियमित एवं अनुबंधित कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। इसके कारण न केवल उनके घर-परिवार का खर्च प्रभावित हो रहा है, बल्कि बैंक ऋण की किश्तें ओवरड्यू होने, बच्चों की फीस जमा न कर पाने और घरेलू खर्चों की पूर्ति में भी उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहार से पहले भुगतान हो जरूरी- कानूनगो
पार्षद कानूनगो ने कहा कि रक्षा बंधन जैसा पवित्र पर्व 9 अगस्त को मनाया जाएगा, जिसमें बहनों को उपहार देना और परिवार के साथ मिलकर खुशियां मनाना एक सामाजिक-सांस्कृतिक परंपरा है। ऐसे में कर्मचारियों को यदि वेतन समय पर नहीं मिला तो वे त्योहार की तैयारियां नहीं कर पाएंगे और मानसिक तनाव का शिकार होंगे। उन्होंने निगम प्रशासन से अपील की है कि संवेदनशीलता के साथ इस विषय को प्राथमिकता दें और रक्षा बंधन से पूर्व वेतन भुगतान की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें।
वेतन विलंब बना बड़ी समस्या
पार्षद कानूनगो ने आगे लिखा कि वेतन का लगातार विलंब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कर्मचारी पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन जब उन्हें मेहनताना समय पर नहीं मिलता तो उनका मनोबल गिरता है। इससे निगम की कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है। उन्होंने निगम आयुक्त से इस विषय को गंभीरता से लेकर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है ताकि सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले और वे अपने परिवार के साथ ससम्मान त्योहार मना सकें। गौरतलब है कि नगर निगम में समय पर वेतन न मिलने की शिकायतें पहले भी उठती रही हैं। अब जबकि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व की आहट है, ऐसे में प्रशासन पर समय पर वेतन भुगतान का दायित्व और अधिक बढ़ गया है।

