गणपति उत्सव में भक्ति के साथ खेल प्रतिभाओं ने भी दिखाया दम, महाराष्ट्र समाज की दो दिवसीय बैडमिंटन स्पर्धा में तीन आयु वर्गों में हुए मुकाबले, प्रियांश, आरुष और सारंग बने विजेता

वास। महाराष्ट्र समाज के गणपति उत्सव में भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। उत्सव के दौरान नाटक, बच्चों के मनोरंजन कार्यक्रम, भजन, ज्योतिष पर आज का विचार सहित विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। इसी क्रम में महाराष्ट्र समाज स्पोर्ट्स के अंतर्गत दो दिवसीय बैडमिंटन स्पर्धा का आयोजन किया गया, जिसमें तीन आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाज प्रवक्ता अमित बागलीकर ने बताया कि खेलों में समाज के युवाओं को अवसर देना समाज की प्राथमिकता है। गणपति उत्सव के दौरान आयोजित इस स्पर्धा का उद्देश्य युवाओं को समाज से जोड़ना और उनकी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। 17 एवं 18 सितंबर को अधिकांश महाराष्ट्रीय परिवारों में श्री महालक्ष्मी स्थापना एवं भोजन का आयोजन होने के कारण इन्हीं दो दिनों में बैडमिंटन स्पर्धा आयोजित की गई। स्पर्धा का शुभारंभ शिरीष खड़ीकर एवं सौ. लीना लोन्ढे ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले दिन तीन आयु वर्गों के प्रारंभिक मुकाबले खेले गए, जबकि 18 सितंबर को तीनों वर्गों के फाइनल मुकाबले हुए। बाल वर्ग (6 से 18 वर्ष) में प्रियांश लोटे विजेता एवं जाग्रव जोशी उपविजेता रहे। युवा वर्ग (17 से 30 वर्ष) में आरुष सुपेकर विजेता एवं कु. सौम्या लोन्ढे उपविजेता रहीं। वहीं सीनियर वर्ग (30 वर्ष एवं अधिक) में सारंग लोटे विजेता तथा प्रतीक बिवलकर उपविजेता रहे। सभी मुकाबलों में निर्णायक एवं अतिथि के रूप में युवा सॉफ्टवेयर डेवलपर तथा राज्य स्तरीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुमित कुलकर्णी उपस्थित रहे। कुलकर्णी ने कहा कि आज के युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाकर खेलों के लिए अधिक समय देना चाहिए। कोई भी खेल हो, उसका युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहता है। समाज को भी युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित और सहयोग करना चाहिए। अतिथि सुमित कुलकर्णी का स्वागत समाज अध्यक्ष दीपक कर्पे, जाग्रव जोशी एवं प्रियांश लोटे ने किया। स्पर्धा के आयोजन में दिलीप बाकरे एवं सदाशिव जोशी का विशेष सहयोग रहा।


कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य एवं बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत भड़कमकर एवं सुनीता भड़कमकर, पूर्व अध्यक्ष दिलीप सुपेकर सहित समाजजन उपस्थित रहे। कार्यकारिणी सदस्य संकेत सुपेकर, भूषण अत्रे, प्रवीण रायगावकर, नचिकेत मनोहर, अमित बागलीकर, विवेक जोशी एवं सदाशिव जोशी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन मंदार मुळे ने किया। महाराष्ट्र समाज के गणपति उत्सव में आयोजित यह बैडमिंटन स्पर्धा भक्ति और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में एक पहल रही।







