मां के दरबार से कलेक्टरी की कमान तक, नेहा मीना ने संभाली देवास की बागडोर, जिले की 9वीं महिला और 45वीं कलेक्टर बनीं नेहा मीणा; स्वास्थ्य, कुपोषण और औद्योगिक विकास पर रहेगा विशेष फोकस

देवास। देवास जिले को गुरुवार को नई कलेक्टर मिल गईं। 2014 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा मीना ने जिले की 45वीं कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। वे देवास के इतिहास में 9वीं महिला कलेक्टर हैं। उन्होंने निवर्तमान कलेक्टर ऋतुराज सिंह से कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले नेहा मीणा माता टेकरी पहुंचीं और मां तुलजा भवानी तथा मां चामुंडा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर के पुजारियों ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। करवा चौथ के अवसर पर उन्होंने शुभकामनाएं भी दीं।
मां के आशीर्वाद से हुई नई जिम्मेदारी की शुरुआत
मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि देवास आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी नई जिम्मेदारी की शुरुआत मां के आशीर्वाद से हुई है। जिले के विकास के लिए सभी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
स्वास्थ्य और कुपोषण पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और कुपोषण दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि पिछली पोस्टिंग के दौरान कुपोषण के खिलाफ अभियान चलाया था। देवास में भी स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों तक बेहतर सुविधाएं पहुंच सकें।
औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
देवास प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल है। ऐसे में जिले में उद्योगों के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। औद्योगिक विकास के साथ जिले की अन्य विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
सिवनी और झाबुआ में भी संभाल चुकी हैं कलेक्टरी
2014 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा मीना इससे पहले सिवनी और झाबुआ जिले में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। झाबुआ में स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में किए गए उनके नवाचारों की सराहना हुई थी। अब देवास में उनकी नई पारी से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, कुपोषण उन्मूलन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बेहतर कार्य की उम्मीद की जा रही है।
देवास में महिला कलेक्टरों का रहा है लंबा इतिहास
नेहा मीना देवास की 9वीं महिला कलेक्टर बनी हैं। उनसे पहले निर्मला यादव (1965), माला श्रीवास्तव (1978), अनीता दास (1980), अलका सिरोही (1981), स्नेहलता कुमार (1986), गौरी सिंह (1994), रश्मि अरुण शमी (2003) और पुष्पलता सिंह (2010) जिले की कमान संभाल चुकी हैं। अब इस क्रम में नेहा मीणा का नाम भी जुड़ गया है।







