बजरंगबली नगर पार्ट-2 में खड़े पांच वाहनों के कांच फोड़े, रात में अज्ञात बदमाशों की वारदात, पूर्व विवाद के चलते एक व्यक्ति पर संदेह; पुलिस जांच में जुटी

देवास। शहर के बीएनपी थाना क्षेत्र से सटे बजरंगबली नगर पार्ट-2 (VIP कॉलोनी) में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक-दो नहीं बल्कि चार पहिया वाहनों के शीशे टूटे मिले। बदमाशों ने आर्टिगा, वैगनआर, आई-10 और ऑल्टो K10 जैसी गाड़ियों को निशाना बनाकर उनके कांच फोड़ दिए और फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनीवासियों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति का वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान उसने कथित तौर पर धमकी दी थी कि “यहां गाड़ी खड़ी की तो हवा निकाल दूंगा… कुछ भी हो सकता है।” अब लगातार कई गाड़ियों के कांच टूटने के बाद लोगों का शक उसी व्यक्ति पर जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि जिस कॉलोनी को VIP कॉलोनी कहा जाता है और जहां से चंद कदमों की दूरी पर शहर के एक पुलिस थान के टीआई का निवास भी है, वहां घटना स्थल के आसपास एक भी सीसीटीवी कैमरा नजर नहीं आया। ऐसे में पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र की जमीनी हकीकत पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर VIP कॉलोनी में बेखौफ बदमाश कई गाड़ियों के शीशे तोड़कर फरार हो गए और किसी कैमरे में कैद भी नहीं हुए। इससे क्षेत्रवासियों में दहशत और पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाती है या यह मामला भी सिर्फ जांच की फाइलों तक सिमटकर रह जाता है।





