आपका शहरइंदौरउज्जैनक्राइमदेवासदेश-विदेशप्रशासनिकभोपालमध्यप्रदेशमहाराष्ट्र

पुणे से गिरफ्तार डॉक्टर, सीधे जेल—भ्रुण हत्या कांड में बड़ा एक्शनकोर्ट में हंगामा, वकीलों का विरोध—ऐसे अपराधियों को जमानत नहीं

देवास। कन्या भ्रुण हत्या जैसे जघन्य अपराध में फरार चल रही श्रीराम अस्पताल की संचालिका डॉ. चारू तिवारी को आखिरकार पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रही डॉक्टर को बुधवार रात दबिश देकर पकड़ा गया और कड़ी कानूनी प्रक्रिया के बाद गुरुवार अलसुबह देवास लाया गया। शाम को न्यायालय में पेशी होते ही कोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए उसे सीधे जेल भेज दिया।
पूरा मामला उस समय सामने आया था जब कन्या भ्रुण हत्या से जुड़े कथित लेन-देन और बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो ने पूरे स्वास्थ्य तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर डॉ. चारू तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होते ही आरोपी डॉक्टर फरार हो गई थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए हर संभव कोशिश कर रही थी। यहां तक कि उसने अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय में याचिका भी लगाई, लेकिन अदालत ने राहत देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए शिकंजा कसना शुरू किया। आखिरकार पुलिस टीम ने पुणे में सटीक लोकेशन पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुणे में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे देवास लाया गया।
इधर, गुरुवार को न्यायालय में पेशी के दौरान माहौल गर्मा गया। महिला अधिवक्ताओं सहित कई वकीलों ने जमकर विरोध दर्ज कराया और नारेबाजी की। वकीलों का कहना था कि भ्रुण हत्या जैसा अपराध न केवल कानूनन बल्कि सामाजिक रूप से भी बेहद घृणित और गंभीर है, ऐसे में आरोपी को किसी भी हालत में जमानत नहीं दी जानी चाहिए। वकीलों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में दोहरा रवैया अपनाया है। उनका कहना था कि जहां अन्य आरोपियों के लिए रिमांड मांगा गया, वहीं डॉ. तिवारी के मामले में सीधे जेल वारंट की मांग की गई, जो कई सवाल खड़े करता है। अधिवक्ताओं ने मांग की कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य डॉक्टरों और लोगों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल इस गिरफ्तारी के बाद शहर में हडक़ंप मचा हुआ है और पूरे मामले में अब और बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है। यह कार्रवाई साफ संकेत दे रही है कि भ्रुण हत्या जैसे अपराध में शामिल लोगों को अब बच निकलना आसान नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button

कृपया खुद मेहनत करे...