
देवास। शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम अब सख्ती के मूड में नजर आ रहा है। जल वितरण के दौरान नलों से व्यर्थ पानी बहाने वालों पर निगम के स्वच्छता निरीक्षकों ने चालानी कार्रवाई की। वहीं, जिन घरों के नलों में टोटियां नहीं लगी थीं, वहां टोटियां भी लगवाई गईं। निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर स्वच्छता निरीक्षकों द्वारा अपने-अपने वार्डों में जल वितरण के समय लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी दौरान वार्ड 21 एवं 24 में हरेन्द्र ठाकुर, वार्ड 2, 28 एवं 31 में शंकर सांगते, वार्ड 19 में भूषण पवार तथा वार्ड 27 में ओमप्रकाश पथरोड़ ने निरीक्षण किया। इस दौरान पानी व्यर्थ बहाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कुल 2700 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं वार्ड 28 एवं 31 में पांच स्थानों पर नलों में टोटियां लगवाई गईं। निगमायुक्त ने सभी स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि जल वितरण के दौरान वार्डों में नियमित भ्रमण करें और पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ प्रतिदिन चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करें।







