अमलतास अस्पताल में मरीजों और विशेष बच्चों को बताए विधिक अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने किया जागरूक, विशेष बच्चों के हुनर और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को सराहा

देवास। न्यायोत्सव एवं विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश नरेंद्र पटेल सहित विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। अतिथियों ने मरीजों, उनके परिजनों, विशेष बच्चों एवं अभिभावकों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलीप सिंह मुजाल्दा, डिप्टी डिफेंस काउंसिल त्रिलोक पाटीदार तथा असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अर्शिल खान भी मौजूद रहे। मयंक हॉल में आयोजित कार्यक्रम में अमलतास स्पेशल स्कूल के बच्चों और नशामुक्ति केंद्र से उपचार के बाद स्वस्थ हुए मरीजों ने आकर्षक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति निःशुल्क कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से इन नंबरों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की।
विशेष बच्चों को हुनरमंद बनाकर बना रहे आत्मनिर्भर
कार्यक्रम के दौरान अमलतास स्पेशल स्कूल की गतिविधियों और बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों से भी अतिथियों को अवगत कराया गया। स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। बच्चे आकर्षक बुके, सजावटी सामग्री और विभिन्न प्रकार के गिफ्ट आइटम तैयार करते हैं। इन उत्पादों की बिक्री से होने वाले मुनाफे की राशि बच्चों के व्यक्तिगत बैंक खातों में जमा कराई जाती है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में कौशल विकास के साथ आर्थिक स्वावलंबन की भावना विकसित करना है। अतिथियों ने इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में अमलतास अस्पताल के निदेशक प्रशासन डॉ. प्रशांत ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान स्पेशल स्कूल की प्राचार्य डॉ. भारती, वाइस प्रिंसिपल कविता देशमुख, नितिन बेक, अपूर्वा साहा, मार्केटिंग डायरेक्टर अश्विन तंवर एवं कमलेश सेंधव उपस्थित रहे। अमलतास ग्रुप के चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के साथ-साथ मरीजों, परिजनों और जरूरतमंद वर्गों को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी देने की यह पहल जनहित में महत्वपूर्ण साबित होगी।






