नकाबपोश चोर का कहर: गिफ्ट शॉप से नकदी पार, पास की दुकान के भी टूटे ताले

देवास। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात कृषि उपज मंडी क्षेत्र में एक नकाबपोश चोर ने धावा बोलते हुए दुकान में घुसकर नकदी पार कर दी, वहीं पास की एक अन्य दुकान को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी करतूत
मामला कृषि उपज मंडी के पास स्थित स्टील होम के ऊपर बनी दुकान हेवन डेकोरे एंड गिफ्ट्स का है, जहां देर रात एक नकाबपोश चोर शटर तोडक़र अंदर घुसा। चोर ने दुकान में रखे करीब 11,500 रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी आराम से वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।
पास की दुकान भी बनी निशाना
हैरानी की बात यह है कि चोर यहीं नहीं रुका। पास ही स्थित चावड़ा ट्रेडिंग को भी निशाना बनाया गया। सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे तो वहां के ताले टूटे हुए मिले, जिससे साफ है कि चोरों ने यहां भी सेंध लगाने की कोशिश की।
व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के व्यापारी दहशत में हैं। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, फुटेज के आधार पर तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता
शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी अब रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।






