आपका शहरइंदौरउज्जैनक्राइमदेवासदेश-विदेशप्रशासनिकभोपालमध्यप्रदेशमहाराष्ट्र

गैंगवार में 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त गंभीर घायलपुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, दोनों पक्षों पर पहले भी दर्ज हैं हमले के मामले

देवास। देवास के भवानी सागर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते गैंगवार जैसी स्थिति बन गई, जिसमें 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लड्ड गुरुवार रात अपने घर पर भोजन कर रहा था, तभी उसके दोस्त गौतम का फोन आया। गौतम ने बताया कि कुछ लोग उसे रास्ते में रोककर विवाद कर रहे हैं। इस पर लड्ड मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों से लड्ड की पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी दौरान दो आरोपियों ने पिस्टल निकालकर लड्ड और गौतम पर फायरिंग कर दी। गोली लड्ड के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम के पैर में गोली लगी।
हथियारों से भी की गई मारपीट, कार में तोडफ़ोड़
फायरिंग के बाद आरोपियों ने लड्ड और गौतम के साथ हथियारों से जमकर मारपीट की और मौके पर खड़ी एक कार में भी तोडफ़ोड़ कर दी। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने लड्ड को मृत घोषित कर दिया।
मुख्य आरोपी भी अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद जहां अधिकांश आरोपी फरार हो गए, वहीं मुख्य आरोपी वरुण बाली भी जिला अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है। उसने भी खुद को गोली लगने की बात कही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुके हैं हमले, रंजिश पुरानी
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी एक-दूसरे पर हमले के मामले दर्ज हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि मृतक लड्ड टेकरी पर नारियल-प्रसाद और फोटो की दुकान संचालित करता था। आरोपियों द्वारा उससे वसूली की मांग भी की जाती थी। पहले उसकी बाइक जलाने की घटना भी सामने आ चुकी है।
गोली लगने के बाद भाई को किया फोन
मृतक के भाई पीयूष योगी ने बताया कि गोली लगने के बाद लड्ड ने खुद फोन कर घटना की जानकारी दी थी। जब वे मौके पर पहुंचे तो लड्डू गंभीर हालत में था। उसने बताया था कि आरोपियों ने गोली मारने के बाद भी हथियारों से हमला किया।
अस्पताल में भी मिली धमकी
पीयूष का आरोप है कि घटना के बाद कुछ आरोपी जिला अस्पताल पहुंचे और उन्हें धमकाते हुए कहा कि एक को मार दिया है, दूसरे को भी देख लेंगे। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
छह आरोपियों पर केस दर्ज, तलाश जारी
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार मामले में छह आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र में दहशत, पुलिस गश्त बढ़ाई गई
घटना के बाद भवानी सागर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button

कृपया खुद मेहनत करे...