सुबह 6 बजे गुल हो जाती है बिजली, ठंड में ठिठुरते बच्चे और परेशान ग्रामीण….!, टोंककलां और कलमा में बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित, जिम्मेदार अधिकारीयो पर फोन नहीं उठाने के आरोप

देवास। देवास जिले के सोनकच्छ विधानसभा के टोंककलां और ग्राम कलमा में बिजली कटौती ने ग्रामीणों की सुबह की दिनचर्या बिगाड़कर रख दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सुबह 6 बजे ही बिजली बंद कर दी जाती है। इसके चलते लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और उनके पालकों को हो रही है। ठंड में बिजली गुल होने से बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार होने में दिक्कत आती है। कहीं पानी की व्यवस्था प्रभावित होती है तो कहीं घरों के दूसरे जरूरी काम अटक जाते हैं। सुबह का समय, जब घरों में सबसे ज्यादा बिजली की जरूरत होती है, उसी समय बिजली कटौती ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन रही है।

ग्रामीणों की नाराजगी विद्युत वितरण कंपनी के टोंककलां प्रभारी अधिकारी को लेकर भी है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी न तो आसानी से मिलते हैं और न ही फोन उठाकर लोगों की समस्या सुनते हैं। ऐसे में शिकायत लेकर जाएं तो आखिर कहां जाएं। ..? अब सवाल यह है कि क्या विद्युत विभाग को ग्रामीणों की परेशानी दिखाई नहीं दे रही है? आखिर सुबह के जरूरी समय में बिजली बंद करने की वजह क्या है? ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार करने और सुबह के समय नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।






