आस्था की सदियों पुरानी विरासत में सजा अन्नकूट, प्राचीन जेवरी श्रीराम मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पीढय़िों पुरानी परंपरा के बीच भगवान श्रीराम को लगा छप्पन भोग, शहनाई की गूंज ने जीवंत की मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत

देवास। देवास की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक एमजी रोड स्थित प्राचीन जेवरी श्रीराम मंदिर एक बार फिर अन्नकूट महोत्सव के रंग में रंगा नजर आया। दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर यहां वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्राचीन मंदिर की परंपराओं से जुड़ा यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और पीढय़िों से चली आ रही आस्था का प्रतीक भी बना। इस अवसर पर भगवान श्रीराम सहित संपूर्ण राम दरबार का आकर्षक शृंगार किया गया। छप्पन भोग सहित विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती की गई। इसके बाद अन्नकूट महाप्रसादी का वितरण हुआ। भगवान श्रीराम के दर्शन और प्रसादी ग्रहण करने के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
शहनाई की मिठास में जीवंत हुई पुरानी परंपरा
महोत्सव में शहनाई वादन ने आयोजन को खास बना दिया। आज के आधुनिक दौर में जहां पारंपरिक शहनाई की धुनें कम सुनाई देती हैं, वहीं जेवरी श्रीराम मंदिर में इसकी मधुर गूंज ने पुराने समय की धार्मिक परंपराओं की याद ताजा कर दी। शहनाई की स्वर लहरियों के बीच अन्नकूट का आयोजन प्राचीन संस्कृति और आधुनिक समय के बीच एक खूबसूरत कड़ी बन गया। प्राचीन जेवरी श्रीराम मंदिर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव ने एक बार फिर यह अहसास कराया कि देवास की पहचान केवल उसकी इमारतों और बाजारों से नहीं, बल्कि ऐसे प्राचीन मंदिरों और उनसे जुड़ी पीढय़िों पुरानी आस्था से भी है। यही परंपराएं शहर की सांस्कृतिक विरासत को आज भी जीवंत बनाए हुए हैं।








