देवास में विप्र नारी शक्ति का दीपावली मिलन और अन्नकूट महोत्सव, महिलाओं ने दिखाई एकजुटता, रोजगार मेले का भी हुआ आयोजन, संस्थापक प्रमिला शर्मा का मनाया जन्मदिन; जनवरी में महाराष्ट्र के शेगांव में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन

देवास। विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था की देवास कार्यकारिणी द्वारा दीपावली मिलन समारोह, अन्नकूट महोत्सव और रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देवास जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला सदस्य शामिल हुईं। इस अवसर पर संस्था की संस्थापक प्रमिला कैलाश शर्मा का जन्मदिन भी उत्साह के साथ मनाया गया। संस्था की संस्थापक प्रमिला शर्मा ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए स्वतंत्र मंच उपलब्ध कराना है। खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आगे लाने के लिए संस्था लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि संस्था 12 अलग-अलग प्रकोष्ठों के माध्यम से सामाजिक, चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। महिलाओं की रुचि और प्रतिभा के अनुसार उन्हें जिम्मेदारियां दी जाती हैं, ताकि वे अपनी अलग पहचान बना सकें। संस्था की कार्यप्रणाली ऐसी है कि किसी सदस्य को दूसरे राज्य में भी सहायता की जरूरत पड़ने पर वहां की स्थानीय कार्यकारिणी सहयोग के लिए उपलब्ध रहती है।
शेगांव में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
प्रमिला शर्मा ने बताया कि संस्था का वार्षिक मिलन समारोह और अधिवेशन इस बार महाराष्ट्र की संत नगरी शेगांव में आयोजित किया जाएगा। आगामी 9 या 10 जनवरी को होने वाले इस राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इससे पहले यह आयोजन सामान्यत: इंदौर में होता रहा है। कार्यक्रम के अंत में प्रमिला शर्मा ने आयोजन की सफलता और जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए देवास कार्यकारिणी सहित सभी महिला सदस्यों का आभार व्यक्त किया।





