निर्माणाधीन पुल पर बवाल, आधी रात थाने के बाहर जमकर नारेबाजी, ठेकेदार समेत दो पर मारपीट का केस, दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर; ग्रामीण बोले- गुणवत्ता पर शिकायत की, नहीं हुई सुनवाई

देवास। हाटपीपल्या विधानसभा के सुनवानी महाकाल में निर्माणाधीन पुल विवादों में घिरता जा रहा है। पहले पुल निर्माण में कथित गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग के आरोप लगे, फिर वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाए जाने से हादसा हुआ और अब ठेकेदार व ग्रामीणों के बीच हुए विवाद ने मामला थाने तक पहुंचा दिया। शुक्रवार देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण औद्योगिक थाने पहुंचे और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार फरियादी ने शिकायत में बताया कि वह अपने भाई और दोस्त के साथ आयशर वाहन से सुनवानी महाकाल जा रहा था। निर्माणाधीन पुल के पास ठेकेदार ने रास्ता बंद होने की बात कहकर वाहन रुकवाया। वाहन पीछे करने की बात को लेकर विवाद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, फावड़े से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने क्रॉस प्रकरण दर्ज किया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उनका कहना है कि दो दिन पहले इसी स्थान पर रास्ता नहीं होने के कारण एक किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पुल निर्माण में कथित गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग की शिकायत पहले ही एसडीएम को लिखित रूप से दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। अब मारपीट, थाने पर प्रदर्शन और क्रॉस एफआईआर के बाद मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





