पूजा की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, छत की मुंडेर गिरने से मां-बेटी की मौत, बारिश के बीच मान एवं सूरज पूजा के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, तीन घायल अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

देवास। बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम खत्म्बा में शुक्रवार को मान एवं सूरज पूजा का कार्यक्रम उस समय चीख-पुकार में बदल गया, जब बारिश के दौरान एक मकान की छत की मुंडेर अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। मुंडेर के मलबे की चपेट में आए लोगों में मां और बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जानकारी के अनुसार, घर में मान एवं सूरज पूजा का धार्मिक आयोजन चल रहा था। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण घर के बाहर टेंट लगाया गया था, जिसे मकान की छत की मुंडेर के सहारे बांधा गया था। कार्यक्रम में शामिल परिवार के सदस्य और मेहमान घर के बाहर बैठे थे तथा कुछ लोग भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत की मुंडेर भरभराकर नीचे आ गिरी। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए।

हादसा इतना भीषण था कि मां और बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक छोटी बच्ची सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सुमित अग्रवाल, बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। एक पल पहले जहां पूजा की खुशियां और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहीं अगले ही पल पूरा माहौल मातम में बदल गया। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







