कैलाश सोनी के छायाचित्र लखनऊ एवं मुंबई में पुरस्कृत

देवास। उत्तरप्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित पंचम राज्य व्यावहारिक कला प्रदर्शनी में देशभर से पाँच छायाकारों को चुना गया है। इसमें मध्य प्रदेश से वरिष्ठ छायाकार एवं कलाकुम्भ फोटोग्राफी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष कैलाश सोनी को उनके छायाचित्र शंखनाद के लिए पुरस्कृत किया गया। लखनऊ में हुए आयोजन में उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा फोटो सर्किल सोसाइटी मुंबई द्वारा आयोजित 25वीं एफसीएस राष्ट्रीय छायाचित्र प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी आविष्कार 2024 में महिला सशक्तिकरण विषय पर उनके छायाचित्र को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रतियोगिता में उनके तीन अन्य छायाचित्रों को ऑनरेबल मेंशन अवार्ड भी प्रदान किया गया। हाल ही में आयोजित कई अन्य प्रतियोगिताओं में भी उनके छायाचित्रों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए। उन्हें जेसीएम सर्किट 2024 के मोनोक्रोम वर्ग में एक जेसीएम सिल्वर, कलर में एक ई सर्टिफिकेट तथा मोनोक्रोम में ही एक एफआईपी रिबन पुरस्कार के लिए चुना गया। एस्टर नेशनल डिजिटल सैलून 2025 में उनके छायाचित्रों को मोनोक्रोम वर्ग में एक क्लब गोल्ड तथा पत्रकारिता में एक चेयरमैन चॉइस पुरस्कार प्राप्त हुए। साथ ही प्रथम एलएफए इंटरनेशनल सैलून 2025 के मोनोक्रोम वर्ग में उनके छायाचित्र को एक एफआईपी रिबन पुरस्कार के लिए चुना गया।


