24 घंटे में सुलझी रिटायर्ड पुलिसकर्मी से चेन लूट की वारदात, दोनों आरोपी गिरफ्तार, 100 फीसदी लूटी गई सोने की चेन बरामद, सीसीटीवी कैमरों से मिली बड़ी सफलता

देवास। शहर के आदर्श नगर क्षेत्र में 76 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के साथ दिनदहाड़े हुई चेन लूट की वारदात का सिटी कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली। पुलिस ने लूटी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर निवासी 76 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी बंशीधर बरोनिया घर पर अकेले थे। इसी दौरान एक युवक घर में घुसा और बातचीत का बहाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिनारायण बाथम, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में जयराज कुमरे (30) और धनराज कुमरे (50) निवासी गजरा गियर्स झुग्गी बस्ती, देवास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत आमजन के सहयोग से अब तक 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इन कैमरों के नेटवर्क से अपराधों के खुलासे में लगातार सफलता मिल रही है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





