नगर निगम में तीन लाख रुपए के कथित गबन से हड़कंप…! कैश काउंटर का कर्मचारी लापता होने की चर्चा

देवास। देवास नगर निगम एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला यूजर चार्जेस कैश काउंटर से जुड़े लाखों रुपये के कथित गबन का बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार कैश काउंटर पर कार्यरत एक कर्मचारी पर वित्तीय गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। चर्चा है कि मामला सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारी अचानक लापता हो गया, जिससे निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया है। सूत्रों का दावा है कि पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और जमा राशि सहित वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। निगम के गलियारों में दिनभर इसी मामले की चर्चा रही, जबकि जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। समाचार लाइन ने मामले में नगर निगम आयुक्त का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अब सभी की निगाहें प्रशासन की जांच और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।






