आपका शहरइंदौरउज्जैनक्राइमदेवासदेश-विदेशप्रशासनिकभोपालमध्यप्रदेशमहाराष्ट्र

देवास में ‘कांच फोड़’ बदमाश का आतंक! दो दिन में फिर टूटी कारों की शीशे , CCTV में कैद हुआ चेहरा, चार वाहनों के बाद अब आवास नगर में दो कारों को बनाया निशाना, बेखौफ बदमाश ने पुलिस गश्त पर खड़े किए सवाल

देवास। शहर में अज्ञात बदमाशों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। दो दिन पहले बजरंगबली नगर पार्ट टू में चार वाहनों के शीशे फोड़ने की घटना से लोग उबर भी नहीं पाए थे कि गुरुवार को बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र के आवास नगर में फिर दो कारों के कांच चकनाचूर कर दिए गए। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस बार बदमाश की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बेखौफ अंदाज में सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे फोड़ता दिखाई दे रहा है। कैमरों की मौजूदगी के बावजूद बदमाश आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। शिकायतकर्ता नितेश धुरिया, निवासी सी-2/64 आवास नगर, ने बैंक नोट प्रेस थाने में दिए आवेदन में बताया कि 5 अगस्त की रात करीब 11 बजे के बाद उनकी कार क्रमांक एमपी-13-जेडवी-0682 तथा दूसरी कार एमपी-09-सीबी-0436 के शीशे अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पीड़ितों ने थाना बैंक नोट प्रेस में आवेदन देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है। लगातार दो दिनों में वाहनों के शीशे फोड़ने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि जब रिहायशी इलाकों में खड़ी गाड़ियां भी सुरक्षित नहीं हैं, तो रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। अब सभी की नजर पुलिस पर है कि वह सीसीटीवी में कैद संदिग्ध तक कितनी जल्दी पहुंचती है और इन घटनाओं पर कब लगाम लगती है।

Related Articles

Back to top button

कृपया खुद मेहनत करे...