आपका शहरइंदौरउज्जैनक्राइमदेवासदेश-विदेशधर्म-आध्यत्मप्रशासनिकभोपालमध्यप्रदेशमहाराष्ट्र

जिला अभिभाषक संघ के दीपावली मिलन समारोह में न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने साझा की खुशियां

देवास। जिला अभिभाषक संघ द्वारा जिला न्यायालय परिसर में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में न्यायिक अधिकारियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने दीपावली की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय कपिल मेहता तथा अध्यक्षता निगम आयुक्त दलीपसिंह ने की। विशेष अतिथि के रूप में कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश जितेन्द्र सिंह कुशवाह एवं विशेष सत्र न्यायाधीश उमाशंकर अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी सहित समस्त कार्यकारिणी ने अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। स्वागत भाषण देते हुए संघ अध्यक्ष एड. रामप्रसाद सूर्यवंशी ने सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं का अभिनंदन किया तथा दीपावली मिलन समारोह को आपसी सौहार्द, समरसता और पारिवारिक आत्मीयता का प्रतीक बताया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान एवं सत्र न्यायाधीश कपिल मेहता ने कहा कि न्यायालय की कार्य व्यवस्था न्यायाधीशों एवं अधिवक्ताओं के आपसी सामंजस्य और सहयोग से सुचारू रूप से संचालित होती है। दोनों के बीच बेहतर समन्वय न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, जो सभी के जीवन में नई रोशनी, खुशियां और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। निगम आयुक्त दलीपसिंह ने कहा कि अभिभाषक संघ के इस आयोजन में शामिल होकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में देवास द्वारा देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए इसका श्रेय नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की अथक मेहनत, समर्पण एवं निरंतर प्रयासों को दिया। संघ अध्यक्ष एड. रामप्रसाद सूर्यवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि दीपावली मिलन समारोह केवल त्योहार की खुशियां बांटने का अवसर नहीं, बल्कि न्यायिक परिवार के सभी सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र वापट ने घर-घर दीप जलाए.. दीपोत्सव मनाए गीत सुनाकर बधाई दी। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं एवं सेवाभावी व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। अधिवक्ता रामेश्वर मीणा के पुत्र जय मीणा को एशियन गेम्स आइची-नागोया 2026 में कांस्य पदक जीतकर उपलब्धि हासिल करने पर पुष्पमाला पहनाकर एवं शील्ड भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही न्यायालय एवं जिला अभिभाषक संघ में कार्यरत चार सफाई कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया। वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होने पर एड. राजेश मालवीय का भी पुष्पमाला पहनाकर एवं शील्ड भेंटकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संघ उपाध्यक्ष जयंती पौराणिक ,कोषाध्यक्ष गीता शर्मा, सह सचिव अशोक कुमार गुजराती, सह सचिव दीपिका सुनहरी, पुस्तकालय सचिव विजय सोनी एवं पुस्तकालय सचिव सरिता उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव चंद्रपाल सिंह सोलंकी छोटू ने किया तथा आभार उपाध्यक्ष विशाल तिवारी ने माना।

Oplus_16908288

Related Articles

Back to top button

कृपया खुद मेहनत करे...