रन फॉर यूनिटी सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर शहर में एकता दौड़ का आयोजन, स्कूली बच्चों से लेकर अफसर–नेताओं तक सब उतरे ट्रैक पर

देवास। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह 9 बजे जिला प्रशासन द्वारा सयाजी द्वार से जवाहर चौक तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के हजारों बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ शुरू होने से पहले सभी ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, निगम आयुक्त दलीप कुमार, एडिशनल एसपी एच.एन. बाथम, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा, डीएसपी संजय शर्मा, तहसीलदार सपना शर्मा, हरिओम ठाकुर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, महामंत्री महेश चौहान, मनीष सोलंकी, विजयसिंह पवार, मनीष जैन सहित अन्य लोग भी शामिल हुए। सभी ने सयाजी द्वार से जवाहर चौक तक दौड़ लगाकर एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने रियासतों में बंटे भारत को एकजुट कर मजबूत राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके जीवन से राष्ट्रीय एकता, समर्पण और संकल्प की प्रेरणा मिलती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।







