दो दिवसीय वार्षिक उत्सव फिएस्टा 24 का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न, विद्यार्थियों ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वीर सेनानियों के बलिदान का प्रभावशाली चित्रण प्रस्तुत किया

देवास। प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल, देवास में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव फिएस्टा 24 का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. आर. के. जैन निदेशक, प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, देवास, अजय सोलंकी बीईओ देवास और किशोर वर्मा बीआरसी देवास ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय की प्राचार्य ममता शेखावत और उप प्राचार्य गीतांजलि मुळे ने भी आयोजन में विशेष भूमिका निभाई।फिएस्टा 24 की थीम वीर गाथा और कृष्ण-सुदामा पर आधारित थी। विद्यार्थियों ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वीर सेनानियों के बलिदान का प्रभावशाली चित्रण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही कृष्ण-सुदामा की मित्रता की कहानी ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वर्षभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले तथा उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिक चिंह प्रदान किए गए। इसके अलावा, गत वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान दिया गया। विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक और सहगामी गतिविधियों में हुई प्रगति, भविष्य की योजनाओं और चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया। प्राचार्य ममता शेखावत ने पालकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन पर उनके विश्वास की सराहना की और यह वादा किया कि विद्यालय बच्चों को श्रेष्ठ नागरिक बनाने के लिए सतत प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। फिएस्टा 24 विद्यार्थियों और दर्शकों के लिए प्रेरणादायक और यादगार साबित हुआ। उक्त जानकारी रोहित गुप्ते द्वारा दी गई।


