देवास वाटर प्रोजेक्ट सील, निगम ने मुख्य गेट और एडमिन ब्लॉक पर जड़े ताले, 25 लाख रुपए से अधिक संपत्ति कर बकाया, कई नोटिसों के बाद नगर निगम ने की बड़ी कार्रवाई

देवास। 25 लाख रुपए से अधिक का संपत्ति कर बकाया होने पर देवास नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक-1 स्थित देवास वाटर प्रोजेक्ट को सील कर दिया। नगर निगम की टीम ने कंपनी के एडमिन ब्लॉक और मुख्य गेट पर ताले जड़ दिए। जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा देवास वाटर प्रोजेक्ट को संपत्ति कर जमा करने और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कई बार नोटिस और पत्र दिए गए थे। नगर निगम के जीआईएस सर्वे में कंपनी परिसर में बने कई भवनों और निर्माण क्षेत्र का संपत्ति कर निर्धारण किया गया था।


नगर निगम के अनुसार वर्ष 1997-98 से वित्तीय वर्ष 2026-27 तक कंपनी पर लगभग 25 लाख 90 हजार 576 रुपए का संपत्ति कर निर्धारित किया गया। कंपनी की ओर से जवाब नहीं मिलने और संपत्ति कर जमा नहीं करने पर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर कार्रवाई की गई। राजस्व अधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी को कई बार पत्र दिए गए थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए देवास वाटर प्रोजेक्ट के एडमिन ब्लॉक को सील कर मुख्य गेट पर ताले जड़ दिए। मामले को नगर निगम परिषद की बैठक में भी उठाया जा चुका था। अब निगम की इस कार्रवाई के बाद कंपनी द्वारा बकाया राशि जमा किए जाने का इंतजार है।





