आपका शहरइंदौरउज्जैनखेलदेवासदेश-विदेशप्रशासनिकभोपालमध्यप्रदेशमहाराष्ट्र

जब सुरों ने थामा बल्ला, रोशनी में गूंजे चौके-छक्केपुलिस लाइन मैदान पर दिखा संगीत और क्रिकेट का अनोखा संगम

देवास। शहर के पुलिस लाइन मैदान पर इन दिनों एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। जहां आमतौर पर क्रिकेट की आवाज गूंजती है, वहीं इन दिनों सुरों की मिठास और बल्ले की गूंज साथ-साथ सुनाई दे रही है। श्री हरि डिवाइन ब्लेसिंग्स सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट ने खेल और संगीत को एक ही मंच पर ला खड़ा किया है।
कलाकार बने खिलाड़ी, मैदान में दिखाया दम
इस अनोखे टूर्नामेंट में भाग ले रही टीमें शहर की संगीत अकादमियों से जुड़ी हैं। जो युवा अब तक रियाज में सुर साधते थे, वही अब मैदान में चौके-छक्के जड़ते नजर आ रहे हैं। आयोजन की सबसे खास बात यह है कि हर टीम में पुरुषों के साथ तीन महिलाएं भी पूरी ऊर्जा के साथ क्रिकेट खेल रही हैं। इससे प्रतियोगिता में उत्साह और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ गए हैं। फाउंडेशन के बंटी मांगरोलिया और मुस्कान राठौड़ ने बताया कि यह आयोजन कलाकारों को तनावमुक्त वातावरण देने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उनका कहना है कि संगीत साधना के साथ शारीरिक सक्रियता भी जरूरी है, ताकि कलाकार मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त रह सकें।
रोशनी, रौनक और परिवारों की मौजूदगी से बना यादगार माहौल
रात्रि में रोशनी के बीच खेले जा रहे मुकाबलों ने पूरे मैदान को उत्सव में बदल दिया है। खिलाडय़िों के परिवारजन और मित्र बड़ी संख्या में पहुंचकर तालियों से उत्साह बढ़ा रहे हैं। मैदान में जहां एक ओर रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संगीत की धुनें माहौल को और भी जीवंत बना रही हैं।
भविष्य में और भव्य होगा आयोजन
आयोजन समिति का कहना है कि यह पहला प्रयास है, जिसे आगे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उद्देश्य साफ है देवास में संगीत और खेल के इस अनोखे मेल को परंपरा का रूप देना। सचमुच, यह टूर्नामेंट साबित कर रहा है कि जब सुर और स्ट्रोक साथ आते हैं, तो मैदान भी महफिल बन जाता है।

Related Articles

Back to top button

कृपया खुद मेहनत करे...