
देवास। सद्भावना मंडल कर्मचारी कॉलोनी देवास द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ फाग महोत्सव, छप्पन भोग एवं खाटू श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने भक्तिमय वातावरण में भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक मनीष तिवारी और अंश जैन ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। खाटू श्याम बाबा के भजनों की धुन पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। इस अवसर पर छप्पन भोग का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें भगवान को विभिन्न प्रकार के प्रसाद अर्पित किए गए। बाद में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। फाग महोत्सव के दौरान रंग-गुलाल और भक्ति गीतों के साथ उत्सव का उल्लास देखने को मिला। कार्यक्रम में कर्मचारी कॉलोनी के बड़ी संख्या में निवासी, श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भजन संध्या और धार्मिक आयोजन का आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में सद्भावना मंडल के सदस्यों एवं कॉलोनीवासियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में मंडल के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन ने सभी अतिथियों, भजन गायकों और सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया।






