थाली में ‘सरप्राइज’!सब्जी में निकली 2 इंच की इल्ली, माखन मटकी रेस्टोरेंट पर हडक़ंप

देवास। शहर के एक नामी रेस्टोरेंट में खाने पहुंचे ग्राहकों के उस वक्त होश उड़ गए, जब उनकी थाली में परोसी गई सब्जी में से करीब 2 इंच लंबी जिंदा इल्ली निकल आई। आधा खाना खा चुके ग्राहकों ने जैसे ही सब्जी में यह नजारा देखा, उनके हाथों के कौर वहीं रुक गए और माहौल में अफरा-तफरी मच गई। मामला शुक्रवार दोपहर का है, जब रविदास नगर निवासी दीपक चौहान अपने दोस्तों के साथ शहर के चर्चित माखन मटकी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने अन्य व्यंजनों के साथ आलू-गोभी की सब्जी ऑर्डर की। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद प्लेट में कुछ हिलता हुआ दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर पता चला कि सब्जी में एक बड़ी इल्ली मौजूद है।
आधा खाना खा चुके थे, तब दिखी ‘इल्ली’
बताया जा रहा है कि दीपक और उनके दोस्त सब्जी का आधा हिस्सा खा चुके थे, तभी उनकी नजर इस घिनौने दृश्य पर पड़ी। इल्ली का आकार करीब 2 इंच बताया जा रहा है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कोई मामूली लापरवाही नहीं, बल्कि साफ-सफाई के नाम पर बड़ी चूक है।
शिकायत के बाद पहुंचा खाद्य विभाग
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग भी हरकत में आया। खाद्य अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर मौके पर पहुंचे और रेस्टोरेंट की किचन का निरीक्षण किया। साथ ही संदिग्ध भोजन के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।



रेस्टोरेंट की लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर शहर के रेस्टोरेंट्स की साफ-सफाई और गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ग्राहकों का कहना है कि इतनी बड़ी इल्ली का सब्जी में होना इस बात का प्रमाण है कि किचन में न तो सही तरीके से सब्जियों की सफाई की जाती है और न ही पकाने से पहले उनकी जांच होती है।
स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़!
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाता, तो यह मामला गंभीर फूड पॉइजनिंग में भी बदल सकता था।
कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब देखना यह होगा कि खाद्य विभाग की जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।





