15 वर्षीय किशोरी का अपहरण नाकाम, एक फोन कॉल ने पलटा पूरा मामला, भाई को लगाई मदद की गुहार, पुलिस और पार्षद प्रतिनिधि की सक्रियता से सकुशल बरामद; युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 15 वर्षीय लापता किशोरी को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को ग्राम बिंजाना निवासी 15 वर्षीय किशोरी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए आशंका जताई थी कि शांति नगर निवासी एक महिला, जो कुछ दिन पहले उनके घर आई थी, वही किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गई है। पुलिस ने तत्काल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें किशोरी एक महिला के साथ जाती दिखाई दी। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और लगातार तलाश शुरू हुई।
इसी दौरान मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब 25 जुलाई को किशोरी ने एक अज्ञात नंबर से अपने भाई को फोन कर रोते हुए बताया कि उसे एक महिला और दो पुरुष चापड़ा-बागली की ओर ले आए हैं और उसे बचा लिया जाए। सूचना मिलते ही भाई ने पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण वर्मा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने किशोरी को विजय वर्मा (20), निवासी सर्वोदय नगर, देवास के साथ सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा जा रहा है। पूछताछ जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।





