कलेक्टर-विधायक की पहल रंग लाई, सोनकच्छ को मिलेगा पांचवां सीएम राइज स्कूल, चिड़ावद में 4 बीघा जमीन की कमी हुई दूर, तीन किसानों ने जमीन विनिमय की दी सहमति

देवास। सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के टोंकखुर्द ब्लॉक के चिड़ावद गांव में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। लंबे समय से जमीन की कमी के कारण अटकी स्कूल की योजना को अब गति मिलने वाली है। विधायक डॉ. राजेश सोनकर और कलेक्टर ऋ तुराज सिंह के प्रयासों के बाद तीन किसानों ने अपनी जमीन के बदले शासकीय जमीन लेने पर सहमति दे दी है। किसानों की सहमति के बाद स्कूल के लिए आवश्यक करीब चार बीघा जमीन की कमी पूरी हो गई है।
2022 में प्रस्तावित हुआ था स्कूल, जमीन की कमी से अटका रहा मामला
जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में प्रदेश में सीएम राइज स्कूल योजना के तहत चिड़ावद में भी स्कूल प्रस्तावित किया गया था। शासन स्तर से स्कूल को स्वीकृति मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर जमीन की तलाश शुरू हुई, लेकिन पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। स्कूल के लिए करीब चार बीघा जमीन कम पड़ रही थी। इसके चलते योजना स्वीकृति के बावजूद लंबे समय तक जमीन के पेंच में उलझी रही। क्षेत्र के ग्रामीण और विद्यार्थियों के अभिभावक भी स्कूल शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।
एक साल से जमीन जुटाने में जुटा था प्रशासन
कलेक्टर ऋ तुराज सिंह के अनुसार स्कूल के लिए जमीन उपलब्ध कराने के प्रयास करीब एक वर्ष से चल रहे थे। प्रशासन ने किसानों से चर्चा कर जमीन विनिमय का विकल्प सामने रखा। इसके बाद तीन किसानों ने अपनी निजी जमीन के बदले शासकीय जमीन लेने पर सहमति जताई। किसानों की सहमति मिलने के बाद अब स्कूल के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध होने की स्थिति बन गई है। इससे स्कूल निर्माण की सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है और आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।
विधायक बोले- बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा की सुविधा
सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने जमीन विनिमय के लिए सहमति देने वाले किसानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जमीन की समस्या दूर होने से अब सीएम राइज स्कूल के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। उन्होंने कहा कि स्कूल शुरू होने के बाद चिड़ावद सहित आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
निर्माण डेढ़ से दो वर्ष
कलेक्टर ऋ तुराज सिंह ने बताया कि आवश्यक जमीन की उपलब्धता की समस्या अब दूर हो गई है। आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्माण शुरू होने के बाद करीब डेढ़ से दो वर्ष में स्कूल शुरू होने की उम्मीद है। सीएम राइज स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। ऐसे में चिड़ावद में स्कूल शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
सोनकच्छ विधानसभा में होगा पांचवां सीएम राइज स्कूल
चिड़ावद में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल शुरू होने के बाद यह सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र का पांचवां सीएम राइज स्कूल होगा। वर्षों से जमीन के अभाव में अटकी योजना के लिए अब किसानों की सहमति मिलने के बाद उम्मीद जगी है कि जल्द ही निर्माण की प्रक्रिया धरातल पर दिखाई देगी। जमीन की अड़चन दूर होने के साथ ही अब क्षेत्रवासियों की नजर स्कूल निर्माण शुरू होने पर है। यदि प्रक्रिया तय समय के अनुसार आगे बढ़ती है तो आने वाले वर्षों में चिड़ावद और आसपास के गांवों के बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सीएम राइज स्कूल की सौगात मिल सकेगी।






