कचरा डालने से रोका तो घर के बाहर खड़ी बाइक और ठेले को लगा दी आग, सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस जांच में जुटी

देवास। शहर में कचरा डालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देर रात आगजनी में बदल गया। स्टेशन रोड क्षेत्र में आधी रात बदमाशों ने एक परिवार को सबक सिखाने के नाम पर घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और रहवासी दहशत में आ गए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि सुबह हुए विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने देर रात घर के बाहर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।
फरियादी ने अपने जीजा सचिन और मित्र राहुल वर्मा के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फरियादी के अनुसार वह स्टेशन रोड स्थित माहेश्वरी स्वीट्स के सामने चाइनीज खाने का स्टॉल लगाता है और अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान सुबह करीब 8:30 बजे शुभम उर्फ गोलू और लक्की कचरा गाड़ी लेकर उसके घर के सामने पहुंचे। कचरा डालने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान लक्की ने गाली-गलौज करते हुए जान से खत्म करने की धमकी तक दे डाली। फरियादी का कहना है कि मोहल्ले में पहले भी इन लोगों के विवाद की शिकायतें सामने आती रही हैं। सुबह का यह विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि देर रात इसका खतरनाक अंजाम सामने आया।
पीड़ित के मुताबिक 10 मई की रात करीब 1:35 बजे लक्की उसका भाई शुभम उर्फ गोलू और एक अन्य युवक मोटरसाइकिल से घर के बाहर पहुंचे। तीनों ने कथित तौर पर किसी ज्वलनशील पदार्थ को घर के सामने खड़ी गाड़ियों पर फेंक दिया। देखते ही देखते आग भड़क उठी और वहां खड़ी आई स्मार्ट बाइक, बुलेट तथा ठेला गाड़ी आग की चपेट में आ गई।
रात के सन्नाटे में अचानक आग की लपटों से घरवाले और आसपास के लोग बाहर दौड़े और आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि “अब तुम्हें देख लेंगे।” वहीं घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।






