पुलिस भर्ती मेडिकल में पहुंचीं बेटियां, पिता का सपना किया साकार मजदूर और चालक की बेटियां बनीं चयनित अभ्यर्थी, गांव की लड़कियों ने पहली बार बढ़ाया मान

देवास। मध्यप्रदेश पुलिस भर्ती 2025 का परिणाम जारी होने के बाद देवास जिला चिकित्सालय में चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण शुरू हो गया है। यह प्रक्रिया 14 मई तक चलेगी, जिसमें कुल 128 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जाना है। जिला चिकित्सालय में 11 मई को 26 पुरुष एवं 3 महिला अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया गया, जबकि 12 मई को 27 पुरुष और 3 महिला अभ्यर्थियों का परीक्षण किया जा रहा है। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उनकी पदस्थापना देवास पुलिस लाइन में की जाएगी।
गांव की पहली बेटी बनी पुलिस जवान
पुलिस भर्ती में चयनित उज्जैन, गुना और रायसेन जिले की महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि वे अपने गांव की पहली बेटियां हैं जिनका चयन पुलिस विभाग में हुआ है। किसी के पिता मजदूरी करते हैं तो किसी के पिता वाहन चालक हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद परिवार ने बेटियों को आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि पुलिस में भर्ती होकर उन्होंने अपने पिता का सपना साकार किया है। अब वे प्रदेश सेवा के साथ-साथ गांव की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनना चाहती हैं।


मेडिकल के बाद शुरू होगी ट्रेनिंग
मेडिकल परीक्षण पूरा होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें देवास पुलिस लाइन में पदस्थ किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।





