कंगना रनौत के बयान पर कांग्रेस का फूटा गुस्सा पुतला दहन कर किया विरोध, पहले एक थप्पड़ पड़ा था, अब मिलीं तो दो मारूंगी पूर्व महापौर रेखा वर्मा का कंगना रनौत पर तीखा हमला

देवास। भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को देवास में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं एवं महिला कार्यकर्ताओं ने सयाजी द्वार से रैली निकालकर नारेबाजी की और कंगना रनौत का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सांसद का बयान महिलाओं और देश की बेटियों के सम्मान के खिलाफ है। कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कंगना रनौत से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व महापौर रेखा वर्मा ने भी कंगना रनौत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को अपने बयान पर शर्म आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने एक विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि, पहले उन्हें एक थप्पड़ पड़ा था, अब अगर मुझे मिल गईं तो मैं दो थप्पड़ जड़ दूंगी। उनके इस बयान के बाद प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि कंगना रनौत अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती हैं, तो विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।





