माता-पिता की स्मृति में महाराष्ट्र समाज को 5 किलोवाट का सोलर पैनल भेंट, भूषण अत्रे की पहल से समाज में ऊर्जा संरक्षण का संदेश, अध्यक्ष दीपक कर्पे सहित पदाधिकारियों ने किया अत्रे परिवार का सम्मान

देवास। बिजली बचत और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगातार दिए जा रहे संदेशों से प्रेरणा लेते हुए देवास महाराष्ट्र समाज में अनुकरणीय पहल की गई। समाज के सचिव भूषण अत्रे ने अपने माता-पिता की स्मृति में महाराष्ट्र समाज को 5 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल भेंट किया, जिसका विधिवत इंस्टॉलेशन समाज परिसर में करवाया गया। भूषण अत्रे की इस पहल का उद्देश्य समाज में बिजली की खपत और आर्थिक भार को कम करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। समाज परिसर में सोलर पैनल लगने से आने वाले समय में बिजली की बचत के साथ समाज को इसका प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ भी मिलेगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र समाज अध्यक्ष दीपक कर्पे, कार्यकारिणी सदस्य एवं न्यास सदस्यों ने समाजहित में इस सराहनीय पहल के लिए भूषण अत्रे एवं अत्रे परिवार का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि माता-पिता की स्मृति को समाजसेवा और समाजहित से जोड़ते हुए किया गया यह कार्य निश्चित रूप से प्रेरणादायी है। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि सौर ऊर्जा आज समय की आवश्यकता है।






