वरिष्ठ नागरिक संस्था ने मनाया 29वां स्थापना दिवस, 75 वर्ष की आयु वाले वरिष्ठों का किया सम्मान

देवास। वरिष्ठ नागरिक संस्था द्वारा 29वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ तीन सत्रों में मनाया गया। साथ ही वार्षिक साधारण सभा का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एम.व्ही. भाले ने की। उन्होंने संस्था हित में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रथम सत्र के अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल थे। समारोह में लगभग 200 से अधिक संस्था सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संस्था पदाधिकारियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। संस्था अध्यक्ष ओ.पी. पाराशर एवं पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत व सम्मान मोती माला पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर किया। संस्था अध्यक्ष श्री पाराशर ने अपने उद्बोधन में संस्था की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था अनुभवी व्यक्तियों जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, बैंकर्स, शिक्षाविद, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी, व्यवसायी एवं किसान आदि का संगठन है। जिसकी स्थापना अप्रैल 1997 में डॉ. एमव्ही भाले एवं कुछ साथियों ने की थी। अध्यक्ष श्री पाराशर ने अध्यक्षीय भाषण देते हुए कहा कि जल ही जीवन है। अत: जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सतत प्रयास जारी रहे। जैसे-जैसे गर्मी बढ रही है पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। इसलिए हमें बूंद-बूंद बचाना होगा और चहुँ ओर हरियाली के लिए पौधे लगाने होंगे। हमारी संस्था अमृत संचय योजना से भी जुडी हुई है। अतिथियों ने संस्था के कार्यों की सराहना व हर तरह से सहयोग की बात कही। द्वितीय सत्र में विशेष अतिथि कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में संयुक्त कलेक्टर संजीव सक्सेना, उप संचालक सामाजिक न्याय संगीता यादव, जिला पेंशन अधिकारी निरूपमा पालीवाल थे। सत्र की शुरूआत गायक देवेन्द्र पंडित, अनिल नायक, राम जी सिंह ने देशभक्ति गीत व भजनों की प्रस्तुति देकर की। संस्था की स्मारिका का विमोचन अतिथियों ने किया। सचिव श्रवण कुमार कानूनगो ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। कोषाध्यक्ष विपिन कुमावत ने संस्था का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। जिसे सर्व सहमति से पारित किया। अतिथियों ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए आश्वस्त किया कि वे सदा की तरह भविष्य में भी संस्था को विकसित करने में पूर्ण रूप से सहयोग देते रहेंगे। कार्यक्रम में अतिथियों ने 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भूतपूर्व सैनिक उमाशंकर नागर, श्रीमती उषा भाले, संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश पाराशर, चंद्रलाल मोटवानी, हेमलता सूर्यवंशी सहित 15 वरिष्ठों का सम्मान शाल-श्रीफल से किया। अंत में आभार गंगासिंह सोलंकी ने माना। कार्यक्रम का संचालन चेतन उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर हिमांशु कुमार ढाली, बंशीधर चावडा, शीलनाथ आरस, मनोहर डी. सिन्हा, वीणा भार्गव, के. सी. नागर, श्याम कुमार शाह, रश्मि पाण्डेकर, मीना जाधव, शोभा नाईक, सीके दीक्षित, वी.पी. गुप्ता, सत्यनारायण सोनी,, के.सी. गुप्ता सहित बडी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ।

