शिलानाथ धूनी पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, संतोषनाथ महाराज से लिया आशीर्वाद धूनी संस्थान के निर्माण कार्य के लिए जल्द राशि स्वीकृत करने का किया ऐलान, कांग्रेस की गुटबाजी पर उमंग सिंघार को दिया करारा जवाब

देवास। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रविवार को देवास स्थित प्रसिद्ध श्री शिलानाथ धूनी संस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने श्री शिलानाथ महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हरियाणा के हिसार जिले के सुल्तानपुर धाम से पंच अग्नि तपस्या के लिए पधारे पूज्य महंत श्री संतोषनाथ जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान धूनी परिसर में श्रद्धालुओं और संतों की उपस्थिति से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
मंत्री विजयवर्गीय ने धूनी संस्थान की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री शिलानाथ धूनी एक अत्यंत पवित्र, चैतन्य और आस्था का केंद्र है। यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का अनुभव करता है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और धूनी संस्थान में आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए जल्द ही राशि स्वीकृत की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पंच अग्नि तपस्या में लीन महंत श्री संतोषनाथ जी महाराज से आशीर्वाद लिया तथा उनकी तपस्या और सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का सबसे मजबूत आधार है तथा समाज को सही दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
राजनीति पर भी बोले विजयवर्गीय, कांग्रेस पर साधा निशाना
धार्मिक कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा भाजपा में कथित गुटबाजी को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी दल में गुटबाजी स्पष्ट दिखाई देती है तो वह कांग्रेस है। विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही नेता एक-दूसरे के आरोपों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने स्वयं सार्वजनिक रूप से कहा कि एक रुपये में कुछ दिया ही नहीं, जबकि जीतू पटवारी आरोप लगा रहे हैं कि एक रुपये में 500 करोड़ रुपये की संपत्ति बेच दी गई। ऐसे विरोधाभासी बयानों से साफ हो जाता है कि कांग्रेस के अंदर गंभीर मतभेद हैं। उन्होंने कहा, मेरा ख्याल है कि जीतू पटवारी जी के बयान की धज्जियां तो दिग्विजय सिंह जी ने ही उड़ा दी हैं। इससे साफ दिखाई देता है कि गुटबाजी कांग्रेस में है। इस विषय पर मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है और न ही उमंग सिंघार के प्रमाण पत्र की आवश्यकता है।
धार्मिक और राजनीतिक दोनों संदेश
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का देवास दौरा धार्मिक आस्था और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर उन्होंने श्री शिलानाथ धूनी संस्थान के विकास के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात का संकेत दिया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर हमला बोलकर प्रदेश की सियासत में नई बयानबाजी को भी हवा दे दी। मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।









