गणेश आराधना के साथ मनाया जाएगा महाराष्ट्र समाज का 34वां स्थापना दिवस, सहस्त्रावर्तन, हवन-पूजन, नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, साहित्य सम्मान और महाप्रसाद होंगे आयोजन का आकर्षण

देवास। महाराष्ट्र समाज, देवास द्वारा आगामी 3 जुलाई (शुक्रवार) को समाज का 34वां स्थापना दिवस धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। आनंदपुरा स्थित महाराष्ट्र समाज के गणेश मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस विशेष आयोजन में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर सम्मान समारोह और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला होगी। स्थापना दिवस का शुभारंभ प्रातः 9 बजे भगवान श्री गणेश के पूजन, सहस्त्रावर्तन, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन एवं महाआरती के साथ होगा। श्रद्धालु समाज की सुख-समृद्धि, परिवारों के कल्याण और राष्ट्र की उन्नति की मंगलकामना करेंगे। इस अवसर पर अमलतास हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रशांत वडगबालकर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सायंकाल 6:30 बजे महाराष्ट्र समाज की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें नवपदाधिकारी समाज की सेवा, संगठन की मजबूती तथा सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लेंगे।

इसके बाद रात्रि 7:30 बजे मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा सम्मानित सुश्री ऋचा दीपक कर्पे का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराष्ट्र समाज द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा। समारोह का समापन रात्रि 8:30 बजे महाप्रसाद के साथ होगा, जिसमें समाज के सभी सदस्य एवं श्रद्धालु सहभागिता करेंगे। महाराष्ट्र समाज के अध्यक्ष दीपक कर्पे , कार्याध्यक्ष संकेत सुपेकर, सचिव भूषण अत्रे, न्यास मंडल अध्यक्ष संजय कोटस्थाने, न्यास मंडल प्रबंधक सदाशिव जोशी एवं महिला मंडल प्रमुख सौ. दिव्या गोटी ने समाज के सभी सदस्यों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।





