पुलिस की मुस्तैदी से चंद घंटों में खुला मंगलसूत्र लूटकांड, पति-पत्नी गिरफ्तार बीएनपी रोड पर वारदात के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पकड़े आरोपी, 90 हजार का सोने का मंगलसूत्र बरामद

देवास। नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद देवास पुलिस ने मंगलसूत्र लूट की वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 90 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया है। वारदात के तत्काल बाद पुलिस की सक्रियता और फरियादिया के परिजनों की सतर्कता से आरोपियों को पकडऩे में सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर नवरात्रि पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की इस वारदात को सुलझाया।
पीछे से बाइक पर आए, मंगलसूत्र झपटकर भागने लगे
पुलिस के अनुसार, सोमवार 12 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे ग्राम जमुनिया निवासी 21 वर्षीय काजल परमार अपने पति सचिन परमार और परिजनों के साथ देवास के बीएनपी रोड स्थित अस्थायी मीना बाजार से मोटरसाइकिल पर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए एक पुरुष और महिला ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। मंगलसूत्र में सोने का पेंडल और चार पोते थे, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है। वारदात के बाद फरियादिया के पति और परिजनों ने आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात थाना कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला।
पूछताछ में हुई पहचान, लूटा गया मंगलसूत्र बरामद
पुलिस पूछताछ में पुरुष आरोपी की पहचान नीतेश उर्फ शेखर उर्फ जाबलिया उर्फ चोटिया सिलोदिया, निवासी ग्राम सीलाखेड़ी, थाना विजयागंज मंडी, जिला देवास के रूप में हुई। उसके साथ उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 716/2026, धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने 13 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली और बीएनपी पुलिस की अहम भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक उपेंद्र नाहर, प्रधान आरक्षक प्रेम नारायण, आरक्षक मनीष, आरक्षक पंकज तथा थाना बीएनपी के प्रधान आरक्षक दिनेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नवरात्रि मेले के दौरान हुई इस वारदात में पुलिस की तत्परता से न केवल आरोपियों को शीघ्र पकडऩे में सफलता मिली, बल्कि लूटी गई संपत्ति भी बरामद कर ली गई।







