
देवास। महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पं. रितेश त्रिपाठी ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। उन्होंने जिला अस्पताल में मरीजों को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। आवेदन में बताया गया कि जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं की स्थिति चिंताजनक है। 12 अक्टूबर को अस्पताल के आईसीयू में एसी बंद होने के कारण वहां भर्ती मरीजों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि आईसीयू जैसे महत्वपूर्ण विभाग में मरीजों की सुविधा और उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रहना जरूरी है।
बिना जांच इंदौर रेफर करने का आरोप
पं. त्रिपाठी ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में इमरजेंसी में पहुंचने वाले कई मरीजों को जांच-पड़ताल किए बिना ही इंदौर रेफर कर दिया जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच कराई जाए और समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।






